
⏹️ चंद्रपुर शहर पुलिस ने चार आरोपियों को वाहन सहित किया गिरफ्तार
⏹️ 17.27 लाख रुपये का चोरी का माल जब्त
चंद्रपुर : चंद्रपुर शहर में बीएसएनएल की केबल चोरी के एक गंभीर मामले में चंद्रपुर शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को चोरी में प्रयुक्त वाहन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 17 लाख 27 हजार 614 रुपये का माल जब्त किया है।
इस संबंध में बीएसएनएल कार्यालय में कार्यरत अभिजीत जिवने, निवासी चंद्रपुर ने दिनांक 30 जनवरी 2026 को चंद्रपुर शहर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ओल्ड जी.एम.टी. कार्यालय परिसर में संग्रहित बीएसएनएल की केबल अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई।
चोरी गए माल में 1200 जोड़ी केबल (280 मीटर) जिसकी अनुमानित कीमत 8,31,332 रुपये, तथा 800 जोड़ी केबल (186 मीटर) जिसकी कीमत 5,46,282 रुपये शामिल है। कुल चोरी गए केबल की कीमत 13,77,614 रुपये आंकी गई।
शिकायत के आधार पर चंद्रपुर शहर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 161/2026 अंतर्गत धारा 305(म), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम व पते इस प्रकार हैं—
1) पयनप्पा रवी शेट्टी (35), निवासी रैयतवारी सावरकर नगर, माता मंदिर के पास, चंद्रपुर
2) नितीन बाबुराव उरकुडे (33), निवासी रेलवे स्टेशन रोड, आरटीओ कार्यालय के पीछे, चंद्रपुर
3) ललित रोशन देशभ्रतार (23), निवासी उडिया मोहल्ला, रेलवे स्टेशन रोड, चंद्रपुर
4) विजयकुमार कार्तिकराम नैताम (20), निवासी प्रकाश नगर, महाकाली कॉलरी, चंद्रपुर
पुलिस ने आरोपियों के पास से जली हुई कॉपर केबल से निकाला गया तांबा (कीमत 13,77,614 रुपये) तथा चोरी में इस्तेमाल किया गया अशोक लेलैंड कंपनी का चारपहिया मालवाहक वाहन (कीमत 3,50,000 रुपये) जब्त किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुमक्का सुदर्शन, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े एवं उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक निशिकांत रामटेके ने किया। मामले की आगे की जांच पुलिस उप निरीक्षक विलास निकोडे कर रहे हैं।



